एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार ने समाधान शिविर में सुनी आमजन की समस्याएं
फतेहाबाद, 19 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित निवारण का सशक्त माध्यम बनते जा रहे हैं। इसी कड़ी में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती के मार्गदर्शन में एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान एसडीएम ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का निवारण तत्काल संभव नहीं है, उन्हें संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में हल करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
शिविर में प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, बिजली आपूर्ति, राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन समस्याओं का शीघ्र एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित निवारण करना है।
एसडीएम राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों के निपटारे में लापरवाही न बरतें और प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों के साथ संवाद को बेहतर बनाया जाए और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को घर के नजदीक ही विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी समय और संसाधनों की बचत हो रही है।
एसडीएम ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं और इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं।
फोटो: फतेहाबाद। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए एसडीएम राजेश कुमार।






