व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व गैस एजेंसियों की जांच जारी, फूड सप्लाई टीमों द्वारा 45 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त
पटियाला, 18 मार्च, 2026 : घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की सुचारू एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा इसके अवैध उपयोग को रोकने के उद्देश्य से जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी तथा सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारियों की टीमों द्वारा पूरे जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान खाने-पीने के ठिकानों, रेस्टोरेंटों और होटलों में जांच की गई, जहां व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसके अलावा गैस एजेंसियों का भी निरीक्षण किया गया, जहां टीमों ने पारदर्शिता और नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए गोदामों में स्टॉक, आपूर्ति प्रणाली तथा बुकिंग रिकॉर्ड की जांच की।
अभियान के दौरान फूड सप्लाई विभाग की टीमों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए उपयोग में लाए जा रहे कुल 45 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए। इनमें से राजपुरा में 11, पटियाला में 18, देवीगढ़ में 2 तथा सनौर में 14 सिलेंडर जब्त किए गए।
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि घरेलू एलपीजी वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे और इसका व्यावसायिक उपयोग न हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
जिला खाद्य एवं सिविल सप्लाई कंट्रोलर डॉ. रविंदर कौर ने बताया कि टीमें व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और एलपीजी वितरण प्रणाली दोनों की सक्रिय निगरानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को उचित स्टॉक प्रबंधन और निष्पक्ष आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गैस एजेंसियों की जांच और तेज कर दी गई है। उन्होंने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से केवल अधिकृत कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के उपयोग और नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
उन्होंने आम जनता से सहयोग करने और घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के किसी भी दुरुपयोग की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा घबराहट में आकर अनावश्यक रूप से सिलेंडरों की बुकिंग न करने की भी अपील की।






