फ़तेहाबाद, 16 मार्च 2026 (संजीव शर्मा): सिरसा रोड स्थित नई अनाजमंडी में आयोजित पावन भक्ति सत्संग में डेरा बाबा भूमण शाह के गद्दीनशीनी संत परम पूज्य बाबा ब्रह्मदास जी महाराज का व्यापार मंडल अनाजमंडी फतेहाबाद के प्रधान जगदीश भादू उपप्रधान राजेन्द्र प्रसाद, सचिव रमेश नागपाल, सह सचिव राजेन्द्र मक्खन सहित अन्य पदाधिकारियों ने बुके भेंटकर स्वागत किया, शॉल भेंटकर उनका सम्मान किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सत्संग समारोह में शिरकत की तथा ध्यानपूर्वक सत्संग सुना।
इस अवसर पर बाबा ब्रह्मदास जी महाराज ने प्रवचन देते हुए कहा कि मनुष्य जीवन परमात्मा की अनमोल देन है, इसलिए इसे सदैव अच्छे कर्मों और सेवा भाव में लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्संग मनुष्य को सही मार्ग दिखाता है और जीवन में सकारात्मक सोच उत्पन्न करता है। गुरु की शरण में आने से मन को शांति मिलती है और व्यक्ति बुराइयों से दूर होकर सच्चाई और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा पाता है।
बाबा जी ने कहा कि हमें अपने जीवन में प्रेम, भाईचारा और सेवा की भावना को अपनाना चाहिए, क्योंकि यही सच्चे धर्म का मार्ग है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति प्रभु का नाम सिमरन करता है और दूसरों की भलाई के लिए कार्य करता है, उसका जीवन सफल हो जाता है।






