चंडीगढ़, 12 मार्च 2026: चंडीगढ़ में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों के बाहर लोग घंटों तक लंबी कतारों में खड़े होकर सिलेंडर लेने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
बताया जा रहा है कि लोग सुबह से ही सिलेंडर लेकर गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े हो जाते हैं। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण लोगों को मजबूरन एजेंसियों के दफ्तरों में जाकर ही सिलेंडर के लिए आवेदन करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि वे सुबह करीब 8 बजे से कतार में खड़े हैं, लेकिन चार-चार घंटे इंतजार करने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। एजेंसी की ओर से उन्हें सिर्फ पर्चियां दी जा रही हैं। तेज धूप में खड़े रहने के बावजूद यह भी तय नहीं है कि उन्हें सिलेंडर मिलेगा या नहीं।
ऐसा ही दृश्य शहर की लगभग हर गैस एजेंसी के बाहर देखने को मिल रहा है, जहां लोग इस व्यवस्था से काफी नाराज नजर आ रहे हैं।
वहीं गैस एजेंसी के डीलरों का कहना है कि इस समय गैस की सप्लाई कम आ रही है। इसके अलावा पिछले तीन से चार दिनों से वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी बंद है, जिसके कारण यह समस्या और बढ़ गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही सप्लाई सामान्य होगी, लोगों को राहत मिलने लगेगी।






