लुधियाना, 10 मार्च 2026: पंजाब के लुधियाना में तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी स्कूलों के प्रिंसिपलों को ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है। ई-मेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूल प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए बच्चों को स्कूल परिसर से बाहर निकालना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह धमकी कुछ ही मिनट पहले मिली है, जिसके बाद स्कूलों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धमकी असली है या किसी की शरारत।






