फ़तेहाबाद, 09 मार्च 2026 (संजीव शर्मा) : जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक अग्रवाल के निर्देशानुसार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव गायत्री ने जिले के सखी- वन स्टॉप सेंटर व सेफ हाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, उपचार प्रक्रियाओं, परामर्श सेवाओं तथा पुनर्वास से जुड़ी सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

सखी- वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान सीजेएम गायत्री ने महिलाओं के आवास, भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सखी- वन स्टॉप सेंटर में रह रही महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। सेफ हाउस के निरीक्षण के दौरान सेफ हाउस में तीन प्रेमी जोड़े हाजिर मिले। सीजेएम गायत्री ने प्रेमी जोड़ों को सेफ हाउस में दी जाने वाली सुविधाओं व कानूनी सहायता बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की। सीजेएम गायत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेफ हाउस में रह रहे प्रेमी जोड़ों को आवास, सुरक्षित, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए।
फोटो: फतेहाबाद। वन स्टॉप सेंटर व सेफ हाउस का निरीक्षण कर जानकारी लेते हुए सीजेएम गायत्री।






