चंडीगढ़, 23 फरवरी, 2026: चंडीगढ़ के सेक्टर-36 स्थित एक पार्क में रविवार रात करीब 8:30 बजे 23 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। एक युवक ने युवती के गले पर चाकू से वार किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान सुहानी के रूप में हुई है।
परिवारिक सदस्यों के अनुसार, सुहानी का रिश्ता सेक्टर-56 निवासी राहुल के साथ तय हुआ था और वह उसके लिए पसंदीदा बिरयानी बना रही थी। इसी दौरान वह चॉकलेट लेने के बहाने घर से बाहर निकली थी। कुछ समय बाद उसने अपनी मां को फोन कर कांपती आवाज में कहा, “मां, मुझे चाकू मार दिया है, बचा लो।” इसके बाद परिवार तुरंत पार्क की ओर दौड़ा।
मौके पर मौजूद लोगों ने सुहानी को घायल अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी। परिवार का आरोप है कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया। पार्क के अंदर एंबुलेंस न पहुंच पाने के कारण पिता ने खुद बेटी को उठाकर बाहर लाया। इसके बाद उसे सेक्टर-16 स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक बिहार के मधुबनी का रहने वाला है और सेक्टर-35 की एक मिठाई की दुकान पर काम करता था। वह पिछले करीब एक वर्ष से सुहानी को जानता था और उसे परेशान कर रहा था। परिवार का आरोप है कि आरोपी नशा करता था और लगातार सुहानी को तंग कर रहा था।
सुहानी पंजाब यूनिवर्सिटी से बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी और यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह सेक्टर-22 स्थित एक क्लीनिक में काम भी करती थी। परिवार झामपुर में नया घर बना रहा था और जून में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना कर दिया गया है।






