कोलकाता, 23 फरवरी 2026: पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के वरिष्ठ नेता और पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का निधन हो गया। उन्होंने बीती रात करीब 1:30 बजे कोलकाता के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 71 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
उनके पुत्र सुब्रांग्शु रॉय ने पिता के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें देर रात दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उनका देहांत हो गया।
मुकुल रॉय तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और पार्टी संगठन को खड़ा करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पार्टी में उन्हें ममता बनर्जी के बाद दूसरे नंबर का नेता माना जाता था। जब टीएमसी केंद्र की सरकार में शामिल हुई, तब उन्हें रेल मंत्री बनाया गया।
वह वर्ष 2006 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे और 2009 से 2012 तक राज्यसभा में पार्टी के नेता के रूप में कार्य किया।
हालांकि 2010 के दशक में उनका टीएमसी के साथ संबंध खराब हो गया। शारदा चिटफंड घोटाले जैसे मुद्दों के बाद उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली। फरवरी 2015 में उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद से हटा दिया गया। सितंबर 2017 में मुकुल रॉय ने टीएमसी से इस्तीफा दे दिया और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
उनके निधन से पश्चिम बंगाल की राजनीति में शोक की लहर है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।






