नई दिल्ली, 22 फरवरी 2026: नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 131वें एपिसोड में टी-20 क्रिकेट विश्व कप का जिक्र करते हुए कहा कि विभिन्न देशों की जर्सी पहनकर कई टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ी खेल रहे हैं और अपने-अपने देशों के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कनाडा और अमेरिका की टीमों में सबसे अधिक भारतीय मूल के खिलाड़ी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कनाडा टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा का जन्म पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था, जबकि अमेरिका की टीम में भारत के घरेलू क्रिकेट से जुड़े कई खिलाड़ी शामिल हैं, जो अब अपने बसे हुए देशों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने केरल की मासूम बच्ची आलिन शेरिन अब्राहम का भी जिक्र किया, जिनके निधन के बाद उनके माता-पिता ने अंगदान का फैसला लिया। इस निर्णय से कई लोगों को नया जीवन मिला। उन्होंने कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे को खोने से बड़ा दुख नहीं होता, लेकिन इस तरह का निर्णय समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल गिरफ्तारी और साइबर ठगी जैसे मामलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने लोगों को केवाईसी से संबंधित जानकारी के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर एटीएम तथा अन्य डिजिटल सेवाओं के पासवर्ड बदलते रहने की सलाह दी।
उन्होंने ओडिशा के युवा किसान हीरोद पटेल की कहानी को भी प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उन्होंने सीमित जमीन पर बहु-फसली खेती शुरू की, जिसे देखने के लिए आज दूर-दूर से किसान पहुंच रहे हैं।
तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने समाज की भलाई के लिए कई कार्य किए, जिसके कारण वह आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।






