किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर), 22 फरवरी 2026: जम्मू-कश्मीर में जारी आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सुरक्षा बलों ने किश्तवाड़ जिले के दुर्गम इलाकों में संयुक्त अभियान के दौरान दो आतंकवादियों को मार गिराया। यह कार्रवाई भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर (White Knight Corps) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन त्राशी-I के अंतर्गत की गई।
इससे पहले किश्तवाड़ में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी। सेना के अनुसार, जम्मू और कश्मीर पुलिस, खुफिया ब्यूरो (आईबी) और सेना के अपने खुफिया स्रोतों से चत्रू क्षेत्र के घने जंगलों में आतंकवादियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी।
विश्वसनीय खुफिया इनपुट के आधार पर क्षेत्र में आतंकवादियों की तलाश और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए ऑपरेशन त्राशी-I के तहत संयुक्त अभियान शुरू किया गया। सुबह लगभग 11:00 बजे चुनौतीपूर्ण पहाड़ी इलाके में आतंकवादियों के साथ दोबारा संपर्क स्थापित हुआ, जहां काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स (सीआईएफ) डेल्टा के जवानों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ समन्वय में आतंकवादियों को घेर लिया।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने इलाके पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। मौके से दो एके-47 राइफल सहित अन्य हथियार और युद्ध सामग्री बरामद की गई है।
सेना ने कहा कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। किश्तवाड़ के चत्रू, सोनार, डोलगाम और दिछार क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान अभी भी जारी है ताकि कोई भी संदिग्ध तत्व बच न सके।
फिलहाल, मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।






