योजनाओं की प्रगति व लाभार्थियों की स्थिति का लिया जायजा
फतेहाबाद , 16 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) विनय यादव ने सोमवार को फतेहाबाद शहर के अशोक नगर स्थित वार्ड 5 व वार्ड 9 का निरीक्षण कर केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। सीएमजीजीए ने स्थानीय नागरिकों, लाभार्थियों तथा अधिकारियों से बातचीत कर योजनाओं के लाभ व जमीनी स्थिति का आकलन किया।
सीएमजीजीए विनय यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के सत्यापन में वार्ड कमेटियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे पात्र व्यक्तियों तक योजना का लाभ अधिक पारदर्शी और समावेशी तरीके से पहुंच सकेगा। स्थानीय स्तर पर सामुदायिक भागीदारी से गलत चयन की संभावना भी नहीं रहेगी।
सीएमजीजीए विनय यादव ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होना चाहिए। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही सुशासन की पहचान है और जिला प्रशासन नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कर रहा हैं। इस दौरान आयोजित फोकस ग्रुप चर्चा में विभिन्न प्रतिनिधियों ने योजनाओं के लाभ वितरण में अधिक पारदर्शिता व पात्रता मानकों को और अधिक न्यायसंगत बनाने की आवश्यकता पर सुझाव दिए।
फोटो: फतेहाबाद। शहर फतेहाबाद में विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर नागरिकों से बातचीत करते हुए सीएमजीजीए विनय यादव।






