अमृतसर, 15 फरवरी 2026: अमृतसर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बटाला के गांव गिलांवाली के नजदीक ट्रैफिक डायवर्जन के चलते करीब एक दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। टक्कर में भारतीय सेना के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बटाला के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बजरी से भरा एक टिपर ट्रक पलट गया था, जिससे यातायात बाधित हो गया। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए जब वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्ग अपनाया, तो घनी धुंध के कारण पहले से ही दो वाहन आपस में टकरा चुके थे।
इसके बाद देखते ही देखते करीब एक दर्जन वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। इस दुर्घटना में भारतीय सेना के दो वाहन भी शामिल थे। मौके पर पहुंची बटाला पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है और हाईवे को साफ करवाने का काम जारी है। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।






