व्हाट्सऐप कॉल पर परिवार को जान से मारने की धमकी
लुधियाना, 14 फरवरी 2026: औद्योगिक शहर लुधियाना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामले में एक गैंगस्टर द्वारा शहर के एक व्यापारी से व्हाट्सऐप कॉल और संदेश के जरिए भारी फिरौती की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न सिर्फ पैसे की मांग की, बल्कि मांग पूरी न होने की स्थिति में पीड़ित और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सराभा नगर थाना क्षेत्र के शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 10 फरवरी की शाम करीब 6:50 बजे वह अपने घर पर मौजूद थे, तभी उन्हें एक विदेशी नंबर (+16196060307) से व्हाट्सऐप कॉल आई। कॉल कटने के तुरंत बाद उनके मोबाइल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें सीधे तौर पर ₹1 करोड़ की फिरौती की मांग की गई।
संदेश में साफ तौर पर लिखा गया था कि यदि उन्होंने ₹1 करोड़ की राशि का प्रबंध नहीं किया तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी भरे संदेश के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।
पीड़ित ने तुरंत इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से उक्त विदेशी नंबर की लोकेशन और पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फिरौती की यह मांग किसी बड़े गैंग के इशारे पर की गई है या फिर किसी शरारती तत्व द्वारा दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई है।






