कपूरथला, 13 फरवरी 2026 : पंजाब के कपूरथला में एक शादी समारोह के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, मंगी कॉलोनी में विवाह से एक रात पहले चल रहे ‘जागो’ समारोह के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी शानो-शौकत दिखाने के लिए हवाई फायरिंग कर दी, लेकिन गोली वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति के सीने में जा लगी।
जागो समारोह में चली गोली
चश्मदीदों के मुताबिक, समारोह में संगीत और नृत्य का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने लाइसेंसी हथियार से गोली चला दी। गोलीबारी के दौरान चली एक गोली सीधे एक युवक को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल को जालंधर किया गया रेफर
घायल व्यक्ति को तुरंत स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जालंधर रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
सिटी थाना में मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए वीडियो फुटेज भी जुटाए जा रहे हैं।
हवाई फायरिंग पर सख्त चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विवाह और अन्य समारोहों में हवाई फायरिंग करना कानूनी अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खुशी के अवसरों पर इस तरह की खतरनाक गतिविधियों से बचें, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।






