ढाका, 12 फरवरी 2026: बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए आज मतदान जारी है। इस बीच खुलना में एक मतदान केंद्र के बाहर जमात-ए-इस्लामी कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़प में बीएनपी नेता मोहिबुज्जमान कोची की मौत हो गई।
बीएनपी का आरोप है कि झड़प के दौरान जमात के एक नेता ने मोहिबुज्जमान को धक्का दिया, जिससे वह पास के एक पेड़ से टकरा गए और उनकी मौत हो गई। वहीं जमात-ए-इस्लामी के नेता का दावा है कि हंगामे के दौरान मोहिबुज्जमान की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मृत्यु हुई।
उधर, मुंशीगंज-3 और गोपालगंज सदर क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के बाहर देसी बम फेंके जाने की घटनाएं सामने आई हैं। मुंशीगंज-3 में धमाकों के बाद कुछ समय के लिए मतदान रोक दिया गया था, जिसे बाद में फिर से शुरू कर दिया गया। इसी तरह गोपालगंज सदर इलाके में हुए विस्फोट में दो सुरक्षाकर्मी और एक 14 वर्षीय लड़की घायल हो गई।
बांग्लादेश में लगभग 12.7 करोड़ मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चुनाव में युवाओं की भूमिका को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि करीब आधे मतदाता 18 से 37 वर्ष की आयु के हैं। इनमें से लगभग 45.7 लाख मतदाता पहली बार मतदान कर रहे हैं।
चुनाव के मद्देनजर देशभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जबकि प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।






