फतेहाबाद, 10 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा): मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में संचालित केंद्रीय एवं राज्य प्रायोजित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने भाग लेते हुए जिले में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने अवगत कराया कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
राज्य स्तरीय बैठक के उपरांत उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपने-अपने प्रोजेक्ट्स को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करें। विभाग योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थी तक अविलंब उपलब्ध करवाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड विजिट कर कार्यों का भौतिक सत्यापन करें, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे और जनता को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि आवंटित फंड का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ किया जाए, ताकि संसाधनों का अधिकतम लाभ आमजन को मिल सके।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी किसानों का एग्री स्टैक में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल पंजीकरण के माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और सुगमता से मिल सकेगा। उन्होंने जिला के किसानों से आह्वान किया है कि वे एग्री स्टेक में अपना पंजीकरण कराए ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी भी प्रकार की परेशानी न आए।
उपायुक्त ने सभी विभागों से अपेक्षा की कि वे समन्वय के साथ कार्य करें और सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दें, ताकि जिला फतेहाबाद प्रदेश में विकास के मानकों पर अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल, कार्यकारी अभियंता देवेन्द्र सिंह, डीडीए डॉ. राजेश सिहाग, डिप्टी सीएमओ मेजर डॉ. शरद तूली, कार्यक्रम अधिकारी कविता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। राज्य स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में उपस्थित उपायुक्त डॉ. विवेक भारती।






