नई दिल्ली, 11 फरवरी 2026 : कर्मचारियों और पेंशनधारकों के बीच इन दिनों 8वें वेतन आयोग को लेकर चर्चा तेज है। खासकर उन कर्मचारियों के मन में सवाल उठ रहे हैं जो पिछले महीने सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या 31 दिसंबर 2025 से पहले रिटायर होने वाले कर्मचारियों को भी नए वेतन आयोग के तहत बढ़ी हुई पेंशन का लाभ मिलेगा? इस मुद्दे पर सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के हालिया बयान और वित्त अधिनियम, 2025 के प्रावधानों ने लाखों पेंशनरों की चिंताओं को काफी हद तक दूर कर दिया है।
क्या है सरकार का जवाब?
अक्सर देखा गया है कि जब भी नया वेतन आयोग लागू होता है, तो सेवानिवृत्ति की कट-ऑफ तारीख को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है। कर्मचारियों को आशंका रहती है कि यदि वे आयोग लागू होने की संभावित तिथि, जैसे 1 जनवरी 2026, से एक दिन पहले भी रिटायर हो जाते हैं, तो उन्हें पुरानी दरों के आधार पर ही पेंशन मिलेगी।
हालांकि, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने स्पष्ट किया है कि वित्त अधिनियम, 2025 में ऐसा कोई नया प्रावधान नहीं जोड़ा गया है, जो पेंशनरों के बीच सेवानिवृत्ति की तारीख के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव पैदा करे।
भेदभाव का कोई प्रावधान नहीं
पेंशनरों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि नियमों के अनुसार केवल इस आधार पर कि कोई व्यक्ति 31 दिसंबर 2025 से पहले या बाद में सेवानिवृत्त हुआ है, उसके साथ अलग व्यवहार नहीं किया जाएगा।
8वें वेतन आयोग से क्या बदलेगा?
यदि 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से लागू होता है, तो इसका प्रभाव दो तरह से पड़ेगा। पहला, जो कर्मचारी 1 जनवरी 2026 के बाद सेवानिवृत्त होंगे, उनकी पेंशन की गणना सीधे नए बेसिक वेतन के आधार पर की जाएगी।
दूसरा, जो पेंशनर 31 दिसंबर 2025 तक सेवानिवृत्त हो चुके होंगे, उनकी पेंशन को एक निश्चित फिटमेंट फार्मूले के जरिए संशोधित किया जाएगा।
सरकार के इस स्पष्टीकरण से साफ है कि 31 दिसंबर 2025 कोई ऐसी अंतिम सीमा नहीं है, जो किसी को बढ़ी हुई पेंशन के लाभ से वंचित कर दे। पहले के वेतन आयोगों की तरह इस बार भी पुराने पेंशनरों की पेंशन में संशोधन किया जाएगा, ताकि वे महंगाई के दौर में पीछे न रह जाएं।






