चंडीगढ़/मुंबई: 52 साल का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया! भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार रात इतिहास रचते हुए पहली बार ICC वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में ‘हरमन ब्रिगेड’ ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस जीत पर “पंजाब की शेरनियों” को बधाई दी। उन्होंने टीम इंडिया की तीन पंजाब मूल की खिलाड़ियों कप्तान हरमनप्रीत कौर, अमनजोत कौर और हरलीन देओल से वीडियो कॉल पर बात की और उनकी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आप पंजाब की शेरनियां हो। आप पंजाब लौटो, आपका आंखों पर बिठाकर स्वागत किया जाएगा। आप आज पूरी दुनिया की प्रेरणा बन गई हो।”
भगवंत मान, जो खुद को क्रिकेट प्रेमी बताते हैं, ने मैच के अहम पलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हरमनप्रीत ने जिस समय वह कैच पकड़ा, वह जीत का टर्निंग पॉइंट था — वही पल था जब इतिहास लिखा गया।”
अमनजोत कौर की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री बोले, “आपने जो साउथ अफ्रीका की कप्तान का कैच पकड़ा, वह सिर्फ कैच नहीं था — वह ट्रॉफी थी।”
सीएम मान ने कहा कि पंजाब की बेटियों ने अपने माता-पिता, राज्य और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन और सम्मान दिया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें।






