पटियाला, 10 फरवरी, 2026 : शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “क्लीन पटियाला” कार्ययोजना के अंतर्गत इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन ने पंजाब प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट सोसायटी की ओर से नगर निगम टीम के साथ मिलकर पटियाला में वेस्ट सेग्रीगेशन जागरूकता कार्यशाला तथा स्वच्छता अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया। उल्लेखनीय है कि यह पहल संस्था की जी.एम. डॉ. रीना चड्ढा तथा नगर निगम की हेल्थ टीम के सक्षम नेतृत्व में संपन्न हुई।
टीम ने जानकारी दी कि नगर निगम पटियाला के वार्ड नंबर 13 और 17 में वेस्ट कलेक्टरों के लिए एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान टीम ने कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सत्र में गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के लाभ समझाते हुए डेमो और पंफलेटों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि कचरे के निपटारे को वैज्ञानिक तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दूसरे चरण में 3 फरवरी को शहर के पांच प्रमुख हॉटस्पॉट क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। आई.पी.सी.ए. और नगर निगम की संयुक्त टीमों ने बैक वीरक कॉलोनी, अर्बन एस्टेट फेज-2, स्टेट कॉलेज और महिंद्रा कॉलेज के आसपास, तथा फैक्ट्री एरिया में सफाई की। इस दौरान दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को कचरे के सही प्रबंधन के लिए प्रेरित किया गया और जागरूकता पंफलेट भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य पटियाला को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल करना है। उन्होंने कहा कि वेस्ट कलेक्टरों को सशक्त बनाना और आम जनता की भागीदारी बढ़ाना ही इस अभियान की सफलता की कुंजी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में ऐसी और भी कार्यशालाएं तथा अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि आई.पी.सी.ए. की इस पहल ने न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार किया है, बल्कि लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश भी दिया है। इस अभियान के साथ पटियाला में टिकाऊ वेस्ट मैनेजमेंट के एक नए युग की शुरुआत हुई है।
फोटो – जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान के अंतर्गत टीम सदस्य






