अमृतसर , 9 फरवरी 2026: पंजाब पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। कमिश्नरेट पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान हथियार, नशीले पदार्थ और भारी मात्रा में नकदी बरामद कर पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली थी कि अमृतसर क्षेत्र में कुछ लोग अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े एक तस्करी नेटवर्क के लिए काम कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह आधुनिक पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस, 115 ग्राम हेरोइन और करीब 11.9 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई में सक्रिय थे और उनके सीमा पार बैठे हैंडलरों से सीधे संपर्क थे।
इस मामले में अमृतसर के छावनी थाना में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और मुख्य सरगनाओं की पहचान करने में जुटी हुई है।






