आरोपी छात्र ने खुद को भी मारी गोली
तरनतारन, 9 फरवरी 2026: तरनतारन जिले के गांव उस्मा से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक कॉलेज के क्लासरूम के अंदर एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, एक युवक क्लासरूम में दाखिल हुआ और कानून (लॉ) की छात्रा के सिर में गोली मार दी। इसके बाद आरोपी युवक ने खुद को भी गोली मार ली।
मृतका की पहचान संदीप कौर के रूप में हुई है, जो लॉ की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक और संदीप कौर एक ही कक्षा में पढ़ते थे और दोनों फर्स्ट सेमेस्टर के छात्र थे। घटना के बाद आरोपी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि मृतका सात बहनों में से एक थी और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद कॉलेज प्रशासन मौके से गायब नजर आया, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।






