50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, पत्नी घायल
दिल्ली, 8 फरवरी 2026: दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में एक घर में इलेक्ट्रिक गीजर में धमाका होने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे हजरत निजामुद्दीन क्षेत्र में हुई। पुलिस को एक मकान में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत एक टीम मौके पर भेजी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान मकान मालिक मोहम्मद सईद निजामी और उनकी पत्नी फिदा निजामी (45) बाथरूम में धुएं के कारण बेहोश अवस्था में पाए गए। घर में मौजूद अन्य परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दोनों घायलों को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद सईद निजामी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी को होश आ गया है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक गीजर में विस्फोट मानी जा रही है।






