नाभा, 07 फरवरी 2026: नाभा से दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तड़के सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इन हादसों में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पटियाला रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर लोगों की सुरक्षा के बजाय उनके लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। इन रैंपों पर न तो सफेद पेंट की पट्टियां लगी हैं और न ही रिफ्लेक्टर, जिसके कारण खासकर रात और तड़के गुजरने वाले राहगीरों को इनका अंदाजा ही नहीं लग पाता।
पहला हादसा नाभा के सत्संग ब्यास रोड पर हुआ। पटियाला से आ रही आई-20 कार में सवार योगेश कुमार मलेरकोटला की ओर जा रहे थे। अचानक सामने आए ऊंचे रैंप का अंदाजा न लग पाने के कारण कार उछल गई और पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि योगेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरा हादसा नाभा के सिटी हार्ट के पास हुआ। फैक्ट्री से ड्यूटी कर घर लौट रहे यश कुमार को भी सड़क पर बने रैंप का अंदाजा नहीं लग पाया। बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एक राहगीर ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे पटियाला रेफर कर दिया गया है।






