HomeNationalप्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर रवाना

प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर रवाना

रक्षा-सुरक्षा और आर्थिक साझेदारी पर होगी अहम चर्चा

नई दिल्ली, 07 फरवरी 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं। मलेशिया के लिए प्रस्थान से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, मलेशिया के साथ रक्षा और सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक और नवाचार के क्षेत्रों में साझेदारी को विस्तार देने पर विचार कर रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में लगातार प्रगति हुई है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ चर्चा को लेकर उत्साहित हूं और हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने की दिशा में काम करना चाहता हूं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत का उद्देश्य रक्षा-सुरक्षा सहयोग को गहरा करना, आर्थिक एवं नवाचार साझेदारी को बढ़ाना और नए क्षेत्रों में आपसी सहयोग का विस्तार करना है।

क्यों खास है यह दौरा? प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा व्यापार, निवेश, ऊर्जा और समुद्री सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने के उद्देश्य से हो रहा है। यह प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया की तीसरी यात्रा है। अगस्त 2024 में भारत-मलेशिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिए जाने के बाद यह उनकी पहली मलेशिया यात्रा है।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वह मलेशिया में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान 10वें भारत-मलेशिया सीईओ फोरम का भी आयोजन किया जाएगा।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक, सभ्यतागत और सांस्कृतिक आधार पर लंबे समय से मजबूत संबंध रहे हैं। मलेशिया में लगभग 29 लाख भारतीय समुदाय की उपस्थिति इस रिश्ते को और सशक्त बनाती है, जो विश्व में भारतीय प्रवासी समुदाय की तीसरी सबसे बड़ी आबादी मानी जाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments