चुनाव आयोग द्वारा बदली जा चुकी अतिरिक्त चुनाव सामग्री के नियमों के अनुसार निपटारे के निर्देश
पटियाला, 6 फरवरी, 2026 : पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी-सह-प्रबंधकीय सचिव (चुनाव) अनिंदिता मित्रा ने आज पटियाला के बारांदरी बाग स्थित चुनाव संबंधी उपकरणों के राज्य स्तरीय चुनाव भंडार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां संग्रहित चुनाव सामग्री के साथ-साथ मतदाता सूचियों की तैयारी, पहचान पत्रों के निर्माण व वितरण, गुरुद्वारा चुनावों से संबंधित चुनाव सामग्री, प्रपत्र, लिफाफे, स्टेशनरी सामग्री तथा गैर-उपभोग्य चुनाव सामग्री का भी जायजा लिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने सामग्री के रख-रखाव, भंडारण की व्यवस्था तथा स्वच्छता प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि भंडार में कुछ सामग्री (प्रपत्र, पुस्तकें आदि) ऐसी भी मौजूद है, जिन्हें चुनाव आयोग द्वारा अब बदल दिया गया है और जिनका भविष्य में किसी भी चुनाव में उपयोग नहीं किया जाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी सामग्री का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी चुनावों में उपयोग की जाने वाली सामग्री को इस भंडार में सुरक्षित रूप से रखा जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव भंडार की अत्यंत पुरानी हो चुकी इमारत की आवश्यक मरम्मत करवाने के भी निर्देश दिए। इससे पहले जिला प्रशासनिक परिसर में उन्होंने उपायुक्त वरजीत वालिया एवं एडीसी (जनरल) सिमरप्रीत कौर के साथ बैठक कर जिले में चुनाव प्रबंधों, चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अन्य मुद्दों तथा ईवीएम वेयरहाउस की स्थिति की भी समीक्षा की।
उपायुक्त वरजीत वालिया ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पटियाला आगमन पर उनका
स्वागत किया और जिले के ईवीएम वेयरहाउस व अन्य चुनाव प्रबंधों की जानकारी दी। इस अवसर पर एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा, चुनाव तहसीलदार विजय चौधरी, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जोबनदीप कौर चीमा, चुनाव कानूनगो प्रियंका रानी, सीनियर सहायक परमजीत सिंह सहित चुनाव विभाग का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा।
फोटो कैप्शन: पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा पटियाला में राज्य स्तरीय चुनाव भंडार का निरीक्षण करते हुए।






