जनहित समिति और परमार्थ लोक कल्याण संस्था द्वारा विश्व योग दिवस समागम का भव्य आयोजन
योगाचार्य कमल कौशिश और अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षु गीतांशी ने सिखाए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के दिव्य सूत्र
पटियाला 21 जून, 2026 : मानवता की सेवा, लोक-कल्याण और निरोगी समाज के निर्माण के पावन संकल्प के साथ आज विश्व योग दिवस के सुअवसर पर पटियाला के ऐतिहासिक चिल्ड्रन पार्क, बारादरी गार्डन में एक भव्य एवं प्रेरणादाई योग दिवस समागम का आयोजन किया गया। यह गरिमामयी समागम ‘जनहित समिति पंजीकृत पटियाला’ और ‘परमार्थ लोक कल्याण संस्था’ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें भारी संख्या में पटियाला वासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योग साधना की।
वर्ष 1987 में परम श्रद्धेय एवं निष्काम समाज सेवी पंडित ओमप्रकाश कौशिश जी द्वारा रोपे गए सेवा के पौधे को आज भी पूरी निष्ठा से सींचा जा रहा है। इसी कड़ी में, जनहित समिति के प्रधान और सुप्रसिद्ध समाज सेवक श्री एस. के. गौतम और जनरल सेक्रेट्री स्टेट अवॉर्डी श्री विनोद कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में, समिति के संस्थापक सदस्य अनिल कुमार भारती तथा परमार्थ लोक कल्याण संस्था के संयोजक श्री दीना नाथ राजोलिया एवं दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ सदस्यों के संयुक्त व भगीरथ प्रयासों से इस शिविर को मूर्त रूप दिया गया।
इस विशेष समागम में सुप्रसिद्ध योगाचार्य कमल कौशिश और देश का गौरव, अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षु गीतांशी कौशिश ने मुख्य योग साधक के रूप में शिरकत की। दोनों योग विशेषज्ञों ने उपस्थित जनसमुदाय को न केवल विभिन्न आसनों और प्राणायाम का गहन अभ्यास कराया, बल्कि योग को जीवन का एक अनिवार्य और स्थायी (परमानेंट) हिस्सा बनाने का भावपूर्ण आह्वान भी किया। योगाचार्य कमल कौशिश ने जीवन को ऊर्जावान और मानसिक रूप से शांत रखने के दिव्य सूत्र साझा करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने और पूर्ण स्वस्थ जीवन जीने की एक अनुपम कला है।
इस योग समागम को सफलता के शिखर पर पहुँचाने और व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में श्री जगतार सिंह जग्गी, सोनिया कौशिश, भूपिंदर सिंह, चमन लाल गर्ग जी, डी पी सिंह, गगनदीप सिंह, वंश, अंग्रेज सिंह और संदीप शर्मा आदि कर्मठ सदस्यों ने अपना अमूल्य एवं सराहनीय योगदान दिया।
समागम के समापन पर सभी उपस्थित नागरिकों ने मानसिक शांति, शारीरिक आरोग्यता और वैश्विक कल्याण की कामना के साथ प्रतिदिन योग करने का दृढ़ संकल्प लिया। यह समागम समाज में स्वास्थ्य के प्रति एक नई चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में पूरी तरह सार्थक सिद्ध हुआ।






