Sunday, June 21, 2026
HomeHaryanaप्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को मिली वैश्विक पहचान:...

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को मिली वैश्विक पहचान: विधायक रणधीर पनिहार

योग दिवस पर नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने योग साधकों के साथ किया योगाभ्यास
टोहाना, 21 जून,2026 (संजीव शर्मा): नलवा विधायक श्री रणधीर पनिहार ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप संयुक्त राष्ट्र के 177 देशों के समर्थन से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की स्थापना हुई और आज विश्वभर में करोड़ों लोग योग को

अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित उपमंडल स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में नलवा विधायक श्री रणधीर पनिहार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा योग साधकों के साथ योगाभ्यास किया। रविवार को रेलवे रोड स्थित नई अनाज मंडी के शेड में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री रणधीर पनिहार ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने बड़े ध्यान एवं एकाग्रता के साथ देखा और सुना।

 

 

 

 

नलवा विधायक श्री रणधीर पनिहार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि टोहाना की इस पावन धरा पर बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता योग के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश का उज्ज्वल भविष्य है और योग जैसी महान भारतीय परंपरा को अपनाकर वे न केवल स्वयं को स्वस्थ एवं सशक्त बना सकते हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक ज्ञान की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग के माध्यम से भारत ने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का नया मार्ग दिखाया है। साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

 

 

 

 

 

विधायक ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे केवल योग दिवस तक सीमित न रहें, बल्कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल व्यक्ति स्वस्थ रहेगा, बल्कि एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में भी योगदान देगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से योग आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।आज सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ प्रातःकालीन योगाभ्यास एवं कॉमन योग प्रोटोकॉल में भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में विधायक श्री रणधीर पनिहार ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग एवं प्राणायाम को अपने दैनिक जीवन में अपनाने, शरीर और मन को स्वस्थ रखने की शपथ दिलाई। आयुष विभाग के योग सहायक देवेन्द्र कुमार ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न योग मुद्राओं एवं योग कलाओं का आकर्षक और अद्भुत प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि द्वारा बच्चों व अधिकारियों को भी सम्मानित किया। प्रशिक्षण शिविर में अध्यापकों व बच्चों के साथ-साथ बड़ी संख्या में अनेक गणमान्य व्यक्तियों तथा विभिन्न कर्मचारियों ने योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण में भाग लिया। इस मौके पर एसडीएम आकाश शर्मा, डीएसपी जयभगवान, नगरपरिषद अध्यक्ष नरेश बंसल, बलदेव सैनी, रमन मड़िया, विकास ललौदा, डॉ स्वाति शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल कुमार सहित अन्य कर्मचारी व योग साधक मौजूद रहे।

 

 

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments