मां की शिकायत से खुला हत्या का राज, पत्नी और भतीजा सलाखों के पीछे
पानीपत, 20 जून, 2026 : हरियाणा के पानीपत जिले के गढ़सरनाई गांव में हुए मदन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी पिंकी ने अपने भतीजे विशाल के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
थाना सेक्टर 13/17 के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर दलबीर ने बताया कि मृतक की मां केला देवी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि 7 जून की रात मदन भोजन करने के बाद घर में सो गया था। देर रात करीब ढाई बजे मदन के मोबाइल फोन से सूचना मिली कि उसकी तबीयत खराब है और वह बोल नहीं पा रहा।
सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो मदन का शव घर के बरामदे में चारपाई पर पड़ा मिला। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी पिंकी और उसके भतीजे विशाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






