महिलाओं से योजना का अधिकतम लाभ लेने हेतु पंजीकरण करवाने की अपील
संगरूर, 16 जून, 2026 : पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश की महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र संगरूर में पात्र महिलाओं की पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को मासिक वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, संगरूर के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रदीप सिंह गिल ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही इस महत्वपूर्ण योजना के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र महिलाओं को मासिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह तथा अनुसूचित जाति वर्ग की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक महिला का पंजाब का स्थायी निवासी होना, 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की होना, मतदाता सूची में नाम दर्ज होना तथा बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक होना अनिवार्य है। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, वोटर कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने होंगे। अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को अपना जाति प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
श्री प्रदीप सिंह गिल ने आगे बताया कि विभाग द्वारा विधानसभा क्षेत्र संगरूर के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पात्र महिलाओं का पंजीकरण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योजना के संबंध में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाएं तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की यह योजना महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
उन्होंने सभी पात्र महिलाओं से अपील की कि वे अपने निकटतम आंगनवाड़ी केंद्र से संपर्क कर अपना पंजीकरण करवाएं और पंजाब सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।






