संगरूर, 8 जून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल (आईपीएस) ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस द्वारा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिटी सुनाम क्षेत्र से एक फरार अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 4 अवैध .32 बोर पिस्तौल, 3 मैगजीन, 8 जिंदा कारतूस तथा एक डिजायर कार (नंबर HR-14M-4194) बरामद की है।
एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मनी निवासी जगतपुरा बस्ती, सुनाम के रूप में हुई है। आरोपी थाना सिटी सुनाम में दर्ज मुकदमा नंबर 261 दिनांक 08 दिसंबर 2025 के तहत करीब छह माह से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ विभिन्न गंभीर अपराधों से संबंधित लगभग 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस कप्तान (जांच) संगरूर दविंदर अत्तरी के निर्देशन तथा उप पुलिस कप्तान (जांच) हरसिमरन सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर संदीप सिंह, प्रभारी सीआईए संगरूर की टीम ने 5 जून 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 4 अवैध पिस्तौल, 3 मैगजीन, 8 जिंदा कारतूस और एक डिजायर कार बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह उक्त हथियारों का इस्तेमाल कर लखविंदर सिंह उर्फ लखी उर्फ पत्थर निवासी परमानंद बस्ती, सुनाम की हत्या करने की योजना बना रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से एक संभावित गंभीर आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी का रिमांड हासिल कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।






