पटियाला, 23 मई 2026 (बलजीत सरना) : पटियाला जिले के गांव खेड़की से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना पसियाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस गांव में एक मां पर अपनी ही डेढ़ साल की मासूम बेटी पर चाकू से हमला कर उसकी जान लेने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
पिता की शिकायत पर मामला दर्ज
जानकारी देते हुए पसियाना पुलिस स्टेशन के एसएचओ ने बताया कि बच्ची के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने घर के भीतर बच्ची पर चाकू से हमला किया,जिससे उसकी मौत हो गई।
शुरुआती जांच में मानसिक तनाव की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी महिला लंबे समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थी। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक स्थिति बिगड़ने के कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ
पसियाना पुलिस स्टेशन की टीम द्वारा परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
इस दर्दनाक घटना के बाद खेड़की गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है।