पटियाला, 22 मई,2026 : म्यूनिसिपल काउंसिल के चुनाव 26 मई को निर्धारित किए गए हैं। इसके मद्देनजर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट-कम-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अनुप्रिता जौहल ने जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए कुछ विशेष निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा कि विभिन्न राजनीतिक पार्टियों तथा स्वतंत्र उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने के लिए अन्य जिलों एवं राज्यों से पटियाला जिले में आए व्यक्तियों को चुनाव प्रचार समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित चुनावी क्षेत्रों की सीमा से बाहर जाना होगा।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अनुप्रिता जौहल द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह आदेश जारी किए गए हैं कि विभिन्न राज्यों और जिलों से आए ऐसे व्यक्ति, जो इस जिले के निवासी नहीं हैं और जिनका चुनाव ड्यूटी से कोई संबंध नहीं है, वे चुनाव प्रचार समाप्त होते ही संबंधित चुनाव क्षेत्र की सीमा से बाहर चले जाना सुनिश्चित करेंगे।
इन निर्देशों के तहत तथा शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव करवाने के उद्देश्य से यह आदेश एकतरफा जारी किए गए हैं। यह आदेश चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक लागू रहेंगे।






