लुधियाना, 20 मई 2026: पंजाबी संगीत जगत की उभरती गायिका Inder Kaur का शव मंगलवार को लुधियाना की एक नहर से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। परिवार ने इस मामले में कनाडा निवासी सुखविंदर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिवार के अनुसार, सुखविंदर सिंह लंबे समय से इंदर कौर का पीछा कर रहा था और उसने गायिका को शादी का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, इंदर कौर ने जब यह जाना कि सुखविंदर पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी कनाडा में रहती है, तो उसने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था।
परिजनों का आरोप है कि प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद सुखविंदर सिंह बदला लेने की नीयत से कनाडा से पंजाब आया था। परिवार ने दावा किया कि करीब छह दिन पहले सुखविंदर सिंह और उसके साथियों ने हथियारों के बल पर गायिका का कथित रूप से अपहरण कर लिया था।
मृतक गायिका का असली नाम यशिंदर कौर बताया जा रहा है। वह पंजाबी संगीत इंडस्ट्री में तेजी से पहचान बना रही थीं और उनके गाने ‘सोने दी चिड़ी’, ‘जीजा’, ‘सोहणा लगदा’ और ‘देसी सिर्रे दा’ काफी लोकप्रिय हुए थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। इंदर कौर की मौत से पंजाबी संगीत जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।