मंदिर के सरोवर के एक तरफ फर्श बिछाया गया, दूसरी तरफ का कार्य तेजी से जारी, सरोवर के पास पानी भी पहुंचा : अजय अलीपुरिया
मंदिर श्री राज राजेश्वरी के पास फर्श का कार्य जल्द होगा पूरा : संजय सिंगला और डॉ. राज कुमार गुप्ता
पटियाला, 20 मई,2026 : पटियाला के ऐतिहासिक माता श्री काली देवी मंदिर में चल रहे नवीनीकरण कार्यों का जायजा लेने के लिए एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी ने आज आर्किटेक्ट टीम सहित लोक निर्माण, जन स्वास्थ्य, नगर निगम तथा अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अनुप्रिता जौहल भी उपस्थित थीं।
एडवाइजरी कमेटी के सदस्य सी.ए. अजय अलीपुरिया, संजय सिंगला और डॉ. राज कुमार गुप्ता ने बताया कि मंदिर के नवीनीकरण कार्य बहुत तेजी से चल रहे हैं और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य को इस वर्ष के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
कमेटी सदस्यों ने बताया कि मंदिर का नवीनीकरण धार्मिक भावनाओं, पूर्ण श्रद्धा और आस्था के अनुरूप तेजी से करवाया जा रहा है, जिसके लिए उच्च स्तर के आर्किटेक्ट्स की टीम पूरी श्रद्धा भावना के साथ कार्य कर रही है।
अजय अलीपुरिया ने बताया कि मंदिर के सरोवर में एक तरफ फर्श का कार्य पूरा हो चुका है तथा दूसरी तरफ फर्श लगाने के लिए आर.सी.सी. का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि सरोवर में पानी भरने के लिए ड्रेनेज विभाग द्वारा भाखड़ा नहर से पानी राजिंदरा टैंक के पास तक पहुंचा दिया गया है।
संजय सिंगला और डॉ. राज कुमार गुप्ता ने बताया कि माता श्री राज राजेश्वरी मंदिर के पास ऊंचे-नीचे और खराब हो चुके फर्श के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती थी। उसका कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही श्रद्धालुओं को इसी वर्ष के अंत तक एक भव्य और शानदार मंदिर के दर्शन होंगे।






