होशियारपुर 1 मई 2026 : हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक दिल दहला देने वाली वीडियो से जुड़े मामले में राहत भरी खबर सामने आई है। वीडियो में एक स्कूली बच्चा बस से उतरते ही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आ गया था। अब जानकारी मिली है कि 9 वर्षीय अरमानदीप सिंह, निवासी गांव बसी किक्करां, पूरी तरह सुरक्षित है और उसे केवल हल्की चोटें आई हैं।
परिवार के अनुसार, यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि इतने गंभीर हादसे के बावजूद बच्चे की जान बच गई। परिजनों ने कहा कि बच्चा अब खतरे से बाहर है, लेकिन घटना की वीडियो देखकर आज भी वे सहम जाते हैं।
हालांकि इस घटना ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार का आरोप है कि स्कूल बस में जरूरी स्टाफ और हेल्पर मौजूद नहीं था। नियमों के अनुसार, बच्चों को सुरक्षित स्थान पर उतारना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
घटना के बाद इलाके के लोगों और अभिभावकों में भारी रोष है। लोगों ने मांग की है कि स्कूल बसों में सुरक्षा स्टाफ की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश लागू करने की मांग की जा रही है।






