जनगणना विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अमित कुमार भार्गव ने टीम सहित निगम कमिश्नर से की मुलाकात
सही जनगणना ही शहर के भविष्य के विकास और योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण — कमिश्नर
पटियाला, 25 अप्रैल, 2026 : भारत की आगामी जनगणना को सुचारू रूप से पूरा करने के उद्देश्य से जनगणना कार्य पंजाब के डिप्टी डायरेक्टर श्री अमित कुमार भार्गव और स्टैटिस्टिकल इन्वेस्टिगेटर ग्रेड-2 मिस निधि ने आज पटियाला का विशेष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम कमिश्नर परमजीत सिंह से मुलाकात कर जनगणना प्रक्रिया, विशेषकर ‘स्व-गणना’ के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
डिप्टी डायरेक्टर अमित भार्गव ने बताया कि इस बार जनगणना विभाग द्वारा लोगों की सुविधा के लिए ‘स्व-गणना’ का विकल्प दिया जा रहा है। इसके तहत नागरिक 30 अप्रैल से 14 मई 2026 तक सरकारी पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर अपने और अपने परिवार के विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। विवरण दर्ज करने के बाद एक स्व-गणना आईडी जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा और गणनाकर्मी के घर-घर आने पर उन्हें यह आईडी दिखानी होगी।
नगर निगम कमिश्नर ने बैठक के दौरान भरोसा दिलाया कि पटियाला शहर में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए नगर निगम पूर्ण सहयोग देगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे डिजिटल इंडिया अभियान का हिस्सा बनते हुए अधिक से अधिक इस पोर्टल का उपयोग करें, ताकि जनगणना प्रक्रिया पारदर्शी और सटीक बन सके।
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय टीम ने सरकारी फील खाना स्कूल का निरीक्षण किया और जनगणना से जुड़े स्टाफ एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद टीम ने डिप्टी ई.एस.ए. कार्यालय में भी बैठक की और आंकड़ा संग्रहण की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी और जनगणना विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। कमिश्नर ने दोहराया कि सही जनगणना ही शहर के भविष्य के विकास और योजनाओं की मजबूत आधारशिला है।
फोटो — बैठक के दौरान नगर निगम कमिश्नर एवं अधिकारी
जारीकर्ता
राजिंदर मोहन (सचिव)
मेयर कार्यालय,पटियाला
83609 66060






