पटियाला, 14 अप्रैल, 2026 : संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के जन्मदिवस के अवसर पर पटियाला शहर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर वाल्मीकि धर्म सभाओं और विभिन्न वेलफेयर सोसायटियों के निमंत्रण पर मेयर कुंदन गोगिया ने कार्यक्रमों में शामिल होकर डॉ. अंबेडकर जी को फूल मालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसी कड़ी में पुराने बस स्टैंड के पास स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क में ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसायटी के प्रधान उपकार सिंह द्वारा लगाए गए मुफ्त मेडिकल कैंप और रक्तदान शिविर का उद्घाटन भी मेयर कुंदन गोगिया ने किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित मुफ्त जांच और दवाइयां भी वितरित की गईं, जिससे लोगों को काफी लाभ मिला।
अपने संबोधन में मेयर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक महान विद्वान ही नहीं थे, बल्कि वे गरीब और पीड़ित वर्गों के मसीहा भी थे। उन्होंने अपनी शिक्षा और संघर्ष के माध्यम से समाज में समानता और न्याय की भावना को मजबूत किया। मेयर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर जी ने पीड़ित और पिछड़े वर्गों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिलाया और संविधान के जरिए हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान किए।
उन्होंने सभी से अपील की कि हम डॉ. अंबेडकर जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में एकता, भाईचारा और सामंजस्य को मजबूत करें। इस अवसर पर अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भी डॉ. अंबेडकर जी के जीवन और योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस कार्यक्रम में नरेश बॉबी, राजेश घारु, जतिंदर, प्रिंस, सोनू संगड़, विनय पहोचा सहित वाल्मीकि धर्म सभा लाहौरी गेट और वाल्मीकि वेलफेयर सोसायटी के कई सदस्य और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
फोटो : कार्यक्रम के दौरान मेयर और अन्य उपस्थित।






