चंडीगढ़, 31 मार्च 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जहां अन्य वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं दिव्यांग व्यक्तियों, आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों की भलाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह जानकारी सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने दी।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार दिव्यांग व्यक्तियों, आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित और प्रभावी समाधान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पंजाब भवन, चंडीगढ़ में दिव्यांग यूनियनों और आंगनवाड़ी वर्करों व हेल्परों की यूनियनों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने कहा कि ये दोनों वर्ग राज्य के सामाजिक कल्याण ढांचे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां आंगनवाड़ी कर्मचारी और हेल्पर बच्चों और महिलाओं के कल्याण के लिए जमीनी स्तर पर अहम सेवाएं दे रहे हैं, वहीं दिव्यांग व्यक्तियों का सशक्तिकरण भी सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।
मंत्री ने बताया कि बैठक के दौरान यूनियनों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना गया और विभाग तथा यूनियनों के बीच सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि जिन मांगों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें तुरंत निपटाया जाएगा, जबकि अन्य मुद्दों को सरकार स्तर पर उठाकर शीघ्र समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार जन-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ कल्याणकारी वर्गों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आंगनवाड़ी वर्करों, हेल्परों और दिव्यांग व्यक्तियों की जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा और उनकी भलाई के लिए और ठोस कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह, निदेशक शैना अग्रवाल, डिप्टी डायरेक्टर सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।






