कार सहित नशीला पदार्थ बरामद, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
जाखल, 03 मार्च, 2026 : पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जाखल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 780 ग्राम डोडा पोस्त सहित एक आरोपी को काबू करने में सफलता प्राप्त की है।
थाना जाखल प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सहायक उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ कड़ैल चौक जाखल क्षेत्र में अपराध रोकथाम हेतु मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि गुरदीप सिंह उर्फ गीपी पुत्र प्रभू सिंह निवासी भूटाल कलां, जिला संगरूर (पंजाब) अपनी कार SX4 (नं. PB13BM9724) में डोडा पोस्त लेकर गांव चूहड़पुर की तरफ से जाखल की ओर आएगा।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई (धारा 42 NDPS Act) पूरी कर घग्गर पुल, जाखल-चूहड़पुर रोड पर नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद बताई गई सफेद रंग की कार आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन मोड़ने का प्रयास किया, परंतु असफल रहने पर उसे कार सहित काबू कर लिया गया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम गुरदीप सिंह उर्फ गीपी बताया। आरोपी को नियमानुसार की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की पॉलिथीन में डोडा पोस्त बरामद हुआ। बरामद डोडा पोस्त का वजन सरकारी कांटे से किया गया, जो पॉलिथीन सहित कुल 780 ग्राम पाया गया।
बरामद डोडा पोस्त को नियमानुसार सील कर जब्त किया गया तथा कार SX4 को भी बतौर सबूत कब्जा पुलिस में लिया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई।
इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध थाना जाखल में धारा 15/61/85 NDPS Act के तहत मामला 25 दिनांक 02.03.2026 दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है तथा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






