केंद्र सरकार से लगाई मदद की गुहार
चंडीगढ़, 1 मार्च 2026: पंजाब के बठिंडा स्थित SSD गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल नीरू गर्ग अपने परिवार सहित ईरान और इज़राइल के बीच जारी तनाव के चलते शारजाह में फंस गई हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अपनी और अन्य भारतीय यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए तुरंत सहायता की अपील की है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में नीरू गर्ग ने बताया कि उनकी पांच दिवसीय यात्रा का अंतिम दिन था और वे IndiGo की अमृतसर के लिए बुक की गई फ्लाइट से लौटने की तैयारी कर रही थीं, तभी दोपहर करीब 2 बजे सभी उड़ानों के रद्द होने की सूचना दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट अधिकारियों से ठहरने के संबंध में पूछने पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। शनिवार रात 10 बजे उन्हें हवाई अड्डे से बाहर जाने के लिए भी कह दिया गया, जिसके बाद वे कुछ समय तक एयरपोर्ट के बाहर बैठे रहे। बाद में उन्हें लगभग 20 किलोमीटर दूर एक महंगा होटल मिला, जहां से अब उन्हें निकलने के लिए कहा गया है।
नीरू गर्ग ने कहा कि उनके पास नकदी समाप्त हो चुकी है और वे जरूरी दवाइयां भी नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय दूतावास के टोल-फ्री नंबर पर संपर्क करने की कोशिशों का भी कोई जवाब नहीं मिला।
शारजाह एयरपोर्ट पर मौजूद अन्य भारतीय यात्रियों ने भी बताया कि निर्धारित टेकऑफ से लगभग एक घंटे पहले उड़ान रद्द होने की सूचना दी गई। कई यात्रियों के वीज़ा की अवधि समाप्त हो चुकी है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। सभी यात्रियों ने भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की व्यवस्था करने की मांग की है।






