फिरोजपुर, 24 फरवरी 2026: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब के गांवों में बुजुर्गों के मनोरंजन और सांझी बैठकों की परंपरा को बढ़ावा देने के लिए एक अनोखी पहल की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि अब राज्य स्तर पर ‘सीप चैंपियनशिप’ आयोजित की जाएगी, जिसमें केवल गांवों की सथों में ताश खेलने वाले बुजुर्ग ही भाग ले सकेंगे।
इस प्रतियोगिता के लिए आकर्षक इनाम राशि भी तय की गई है। जिला स्तर पर विजेता बनने वाले गांव को विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि पूरे पंजाब में प्रथम स्थान हासिल करने वाले गांव को 1 करोड़ रुपये का इनाम मिलेगा।
सुखबीर बादल ने कहा कि उन्होंने अक्सर गांवों की सथों में बुजुर्गों को ताश खेलते देखा है, जहां वे ‘सीप’ खेलते हैं। इसी परंपरागत खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अब गांवों की टीमों के बीच प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
राजनीतिक हलकों में इस पहल को ग्रामीण मतदाताओं, खासकर बुजुर्गों से जुड़ने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। ‘सीप’ पंजाब की पारंपरिक खेल संस्कृति का हिस्सा है और इसे बढ़ावा देना ग्रामीण विरासत को संजोने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।






