यमुनानगर, 03 फरवरी 2026: यमुनानगर के सिविल अस्पताल में बीती देर रात करीब 1:00 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रशासनिक ब्लॉक में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज़ काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
धमाके के कारण प्रशासनिक ब्लॉक की छत से लगभग 50 से 60 फीट लंबा एक बड़ा खंभा नीचे गिर गया, जिससे स्वास्थ्य विभाग के एक वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा एडमिट ब्लॉक की कई जगहों पर सीलिंग टूट गई और दीवारों को भी नुकसान हुआ। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रॉमा सेंटर के शीशे तक चकनाचूर हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, पुलिस को जानकारी देते ही पुलिस टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि यह धमाका छत पर लगे सोलर गीजर में हुआ, लेकिन सोलर गीजर में इतना बड़ा विस्फोट कैसे हुआ, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
धमाके की आवाज सुनकर अस्पताल में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में भारी दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई थी और सुबह होते ही पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।






