“कोई यह न समझे कि शाम 5 बजे के बाद चेकिंग नहीं होती” — मेयर कुंदन गोगिया
पटियाला, 11 दिसंबर:- नगर निगम पटियाला में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर मेयर कुंदन गोगिया ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। मेयर ने आज शाम अचानक निरीक्षण करते हुए कई ठेकेदारों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि निगम का निरीक्षण किसी एक समय पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा, “कोई ठेकेदार यह गलतफहमी न पाले कि शाम 5 बजे के बाद चेकिंग नहीं होती। आवश्यकता पड़ी तो रात 10 बजे भी निरीक्षण किया जाएगा।”
मेयर कुंदन गोगिया आज निगम कार्यालय के पास बन रहे फूटपाथ और लगाए जा रहे टाइलों के काम का अचानक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने टाइलों की गुणवत्ता, रेत-मटेरियल, लेवलिंग तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की। मौके पर स्थिति देखकर मेयर ने ठेकेदार और उपस्थित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।
मेयर ने कहा कि निगम के विकास कार्य लोगों के टैक्स और मेहनत की कमाई से होते हैं, इसलिए इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “शहर की सुंदरता और विकास हमारी जिम्मेदारी है। जहां भी कमी नजर आई, काम तुरंत रोका जाएगा और लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
मेयर ने निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारियों को भी चेतावनी दी कि निगरानी में ढिलाई पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पटियाला शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक रूप देने के लिए दिन-रात विकास कार्य किए जा रहे हैं, और यह तभी संभव है जब हर कार्य गुणवत्ता के मानकों पर खरा उतरे।
उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में बन रही सड़कों, फूटपाथों और ड्रेनेज सिस्टम की नियमित जांच की जाएगी। कोई भी विभाग या ठेकेदार यह सोचकर निश्चिंत न रहे कि वह निरीक्षण से बच सकता है।






