जगराओं, 5 फरवरी 2026: जगराओं के नजदीक गांव लीलां स्थित एक निजी स्कूल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गांव सदरपुरा निवासी बलराज सिंह और कृष्ण सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
गांव सदरपुरा के सरपंच कुलदीप सिंह ने बताया कि बलराज सिंह और कृष्ण सिंह मोटरसाइकिल पर गांव से जगराओं की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार सफारी कार की चपेट में आकर वे गंभीर हादसे का शिकार हो गए। परिवार के सदस्यों के अनुसार, कृष्ण सिंह दुबई से शादी के लिए गांव आया था, लेकिन शादी की तारीख तय होने से पहले ही उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिधवांबेट के एसएचओ हीरा सिंह मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार हादसा तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की टक्कर से हुआ है। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






