विदेश बैठे गैंगस्टरों के लिए करते थे शूटिंग
खन्ना, 5 फरवरी 2026: संगठित अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत खन्ना पुलिस ने फिरोजपुर निवासी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है, जो विदेशों में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के लिए शूटर के रूप में काम कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (25) और उसके छोटे भाई गोरा (23) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अमेरिका स्थित सरबजीत सिंह साबी और कनाडा स्थित गोल्डी बराड़ गैंग के संपर्क में थे। विशाल 18 जनवरी 2026 को खन्ना में एक कपड़ा व्यापारी के घर पर हुई फायरिंग और कार जलाने की घटना का मुख्य आरोपी है। जांच में सामने आया है कि वारदातों के बदले आरोपियों को लाखों रुपये दिए जाते थे।
एसएसपी खन्ना डॉ. अर्पण आहलूवालिया ने बताया कि दोनों पेशेवर शूटर हैं और इनके फरार साथियों की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल फोनों की भी गहन जांच कर रही है।






