मंत्रियों-विधायकों के घरों का घेराव
पंजाब, 01 फरवरी 2026: आम जनता के लिए एक अहम खबर सामने आई है। किसानों ने एक बार फिर बड़ा ऐलान करते हुए 5 फरवरी को अपनी मांगों को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। विभिन्न किसान यूनियनों ने घोषणा की है कि इस दिन किसान नेता और कार्यकर्ता राज्य के मंत्रियों और विधायकों के घरों का घेराव करेंगे।
किसान संगठनों ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेती, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसान नेताओं का कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा न करने के खिलाफ किया जा रहा है।
किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने अधिक से अधिक किसानों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान हर गांव से दूध, भोजन और लंगर की व्यवस्था की जाएगी, ताकि बड़ी संख्या में किसान एकजुट होकर प्रदर्शन में भाग ले सकें।
किसान संगठनों ने यह भी साफ किया है कि चिप वाले बिजली मीटर किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जहां ऐसे मीटर पहले ही लगाए जा चुके हैं, उन्हें तब तक जमा नहीं कराया जाएगा जब तक सरकार 2025 के अधिनियम को पूरी तरह रद्द नहीं करती और पुराने ब्लैक-डायल मीटरों को बहाल नहीं करती।
इसके अलावा, किसान नेताओं ने हाल ही में पेश किए गए केंद्रीय बजट की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह बजट आम लोगों और किसानों के बजाय बड़े उद्योगों को लाभ पहुंचाने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और मनरेगा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की अनदेखी की गई है।






