नई दिल्ली, 1 फरवरी 2026 : केंद्रीय बजट पेश होने से ठीक पहले केंद्र सरकार ने आम जनता और कारोबारियों को महंगाई का झटका दिया है। सरकार ने 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि, 14 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और ये अभी भी 8 अप्रैल 2025 को तय की गई दरों पर ही उपलब्ध रहेंगे।
कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1,740.50 रुपये हो गई है, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 1,844.50 रुपये तक पहुंच गई है। मुंबई में अब यह सिलेंडर 1,692.00 रुपये में उपलब्ध होगा, जो पहले 1,642.50 रुपये था। वहीं चेन्नई में 19 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1,899.50 रुपये हो गई है।
सरकार द्वारा की गई इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा, क्योंकि वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर मुख्य रूप से इन्हीं क्षेत्रों में उपयोग किए जाते हैं। बजट से पहले गैस की कीमतों में हुई इस वृद्धि ने महंगाई को लेकर आम लोगों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।






