डेरा बल्लां में टेकेंगे माथा, राज्य को देंगे दो बड़ी सौगातें
जालंधर, 1 फरवरी 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुरु रविदास जयंती के शुभ अवसर पर पंजाब के दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे जालंधर स्थित रविदासिया समाज के प्रमुख धार्मिक स्थल डेरा सच्चखंड बल्लां में नतमस्तक होंगे और राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाले दो अहम प्रोजेक्ट्स की घोषणा व उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री दोपहर 3:45 बजे जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां भाजपा की वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। एयरपोर्ट से वे सीधे डेरा सच्चखंड बल्लां जाएंगे।
डेरा बल्लां में प्रधानमंत्री करीब 40 मिनट तक रुकेंगे। इस दौरान वे संगत के साथ बैठकर लंगर ग्रहण करेंगे और श्रद्धालुओं से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री डेरा प्रमुख संत निरंजन दास महाराज के साथ करीब 10 मिनट तक बंद कमरे में विशेष मुलाकात भी करेंगे। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने हाल ही में संत निरंजन दास महाराज को पद्म श्री से सम्मानित करने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान पंजाब को दो बड़ी सौगातें देंगे। जालंधर स्थित आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर अब ‘श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट’ रखा जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर बने नए सिविल टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे, जिसे क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए एक गेम-चेंजर माना जा रहा है।
गुरु रविदास जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री का यह दौरा सामाजिक समरसता का संदेश देने के साथ-साथ पंजाब के विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।






