HomeHaryanaसरकारी स्कूल गांव चिमो में पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सरकारी स्कूल गांव चिमो में पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड व महिला विरुद्ध अपराधों की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

रतिया, 30 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में आमजन, विशेषकर बच्चों एवं किशोरों को साइबर अपराधों और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना सदर रतिया में तैनात महिला उपनिरीक्षक राजबाला के कुशल नेतृत्व में गांव चिमो स्थित सरकारी स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों जैसे फर्जी कॉल, ओटीपी शेयर करने से होने वाले नुकसान, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग व लोन ऐप्स के माध्यम से होने वाली ठगी के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर बिना सोचे-समझे प्रतिक्रिया न दें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

इसके साथ ही महिला उपनिरीक्षक राजबाला द्वारा छात्राओं को महिला विरुद्ध अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी भी दी गई। उन्हें छेड़छाड़, साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न तथा घरेलू हिंसा जैसे मामलों में सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के बारे में अवगत करवाया गया। बच्चों को 112 आपातकालीन सेवा, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी शंकाओं का समाधान किया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ किसी भी समस्या को अपने अभिभावकों या शिक्षकों से साझा करने के लिए प्रेरित किया। स्कूल स्टाफ को भी बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

फतेहाबाद पुलिस द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर जारी रखे जाएंगे ताकि बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments