मोहाली, 30 जनवरी 2026: पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की सेहत अचानक बिगड़ गई। बीती रात डिनर के बाद उन्हें सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में निगरानी में रखा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अत्यधिक काम के दबाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी। सभी मेडिकल पैरामीटर सामान्य पाए गए हैं और उन्हें आराम की सलाह दी गई है। एहतियात के तौर पर उन्हें 24 घंटे निगरानी में रखा जाएगा।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की पंजाब में सरकार बनने के बाद संजीव अरोड़ा अप्रैल 2022 में राज्यसभा सांसद चुने गए थे। उन्होंने 10 अप्रैल 2022 से 1 जुलाई 2025 तक राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्य किया। इससे पहले वे सक्रिय राजनीति में नहीं थे और एक प्रमुख उद्योगपति के रूप में पहचाने जाते थे।
विधायक गुरप्रीत गोगी की मृत्यु के बाद जून 2025 में उन्होंने लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद 1 जुलाई 2025 को राज्यसभा से इस्तीफा देकर 3 जुलाई 2025 को कैबिनेट मंत्री बने।
अगस्त 2025 में उन्हें बिजली विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि जनवरी 2026 में हुए मामूली फेरबदल में उन्हें स्थानीय सरकार विभाग भी दिया गया। वर्तमान में उनके पास उद्योग, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और स्थानीय सरकारों जैसे अहम विभाग हैं, जिसके चलते वे पंजाब कैबिनेट की एक प्रभावशाली शख्सियत माने जाते हैं।






